Jabalpur News: शास्त्री ब्रिज शराब दुकान के पास चले चाकू, युवक गंभीर रूप से घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना ओमती क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री ब्रिज स्थित शराब दुकान के पास शराब पीने के लिए रुपए मांगने और इनकार करने पर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। 

पुलिस के अनुसार गोकलपुर रांझी निवासी 28 वर्षीय सत्येन्द्र सिंह ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बीती रात जबलपुर अस्पताल से नो-ड्यूज लेकर अपने काम से जा रहा था। रात करीब 9 बजे शास्त्री ब्रिज स्थित शराब दुकान के पास रुका था, तभी तीन युवक उसके पास पहुंचे और शराब खरीदने के लिए जबरन रुपये मांगने लगे।

पीड़ित द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला कर उसके सिर के बाईं ओर चोट पहुंचा दी। सत्येन्द्र ने हमलावर को पकड़ लिया और उसके हाथ से चाकू छीन लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान मनीष दाहिया और सुनील पटेल ने बीच-बचाव कर पीड़ित की मदद की तथा डायल-112 को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावर की पहचान दीपक पासी (19) निवासी छोटी लाइन फाटक के पास के रूप में की। उसकी निशानदेही और पूछताछ के आधार पर उसके दो साथियों अमन पासी (26) निवासी नरसिंह मंदिर के पीछे, मदनमहल तथा राहुल रैकवार (27) निवासी सुविधा अस्पताल के पास, मदनमहल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

ओमती थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post