दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। कटनी की सीएसपी नेहा पच्चीसिया एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में हैं। ट्रांसपोर्ट कारोबारी से कथित रिश्वत मांगने के मामले के बाद अब हत्या के एक आरोपी और उसके परिवार ने उन पर जेल से छुड़ाने के नाम पर 75 लाख रुपये मांगने, जमीन बेचने का दबाव बनाने और सौदेबाजी कराने के आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, मानवाधिकार आयोग और न्यायालय तक पहुंची है। आईजी ने जांच जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल को सौंपी है।
हत्या के आरोपी ने लगाए गंभीर आरोप
आदिवासी युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी आकाश लोधी का आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा और सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने उसके परिवार पर जमीन बेचने का दबाव बनाया। उसने दावा किया कि उसके पिता रमेश लोधी को दो दिन तक सीएसपी के घर बैठाकर रखा गया और बाद में सरकारी वाहन से जमीन की रजिस्ट्री कराने ले जाया गया।
आरोप के अनुसार, करीब 82 लाख रुपये गाइडलाइन मूल्य वाली जमीन का सौदा 1.07 करोड़ रुपये में कराया गया। रजिस्ट्री के समय 15 लाख रुपये का चेक दिया गया, जबकि शेष राशि सात दिन में देने का आश्वासन दिया गया।
'75 लाख दो, जेल से बाहर आ जाओ' का आरोप
आकाश लोधी का आरोप है कि जब जमीन की पूरी रकम नहीं मिली तो उसके पिता ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत की और नामांतरण पर आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद उसके पिता रमेश लोधी और दामाद सतीश लोधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोपी का दावा है कि बाद में मृतक पक्ष और सीएसपी की ओर से 75 लाख रुपये देने पर कोर्ट में बयान बदलवाकर सभी आरोपियों को जेल से बाहर कराने की बात कही गई।
पहले भी लगे थे रिश्वत मांगने के आरोप
इससे पहले ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन ने आरोप लगाया था कि 21 जुलाई की रात वाहन चेकिंग के दौरान वैध परिवहन कर रहे हाईवा वाहनों को रोककर 30 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत के अनुसार मौके पर 25 हजार रुपये नकद लिए गए, जबकि शेष 5 हजार रुपये अगले दिन सीएसपी के ड्राइवर के माध्यम से मंगवाए गए। हालांकि बाद में शिकायतकर्ता अपने बयान से पीछे हट गए।
ड्राइवर निलंबित, थाना प्रभार बदला
मामले के बाद कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने सीएसपी के ड्राइवर कॉन्स्टेबल केशव सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थानों का प्रभार सीएसपी नेहा पच्चीसिया से हटाकर अजाक डीएसपी शिवा पाठक को सौंप दिया गया।
जांच जारी, कार्रवाई का इंतजार
कटनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि शिकायतों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं जांच अधिकारी एवं जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल ने कहा कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल, सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
Tags
madhya pradesh
