Jabalpur News: जबलपुर की महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने रचा इतिहास, माउंट एल्ब्रुस पर फहराया तिरंगा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश पुलिस में जबलपुर में पदस्थ महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने देश और शहर का नाम रोशन करते हुए यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस (18,510 फीट/5,642 मीटर) को सफलतापूर्वक फतह किया। 21 अगस्त 2026 को शिखर पर पहुंचकर वर्षा पटेल ने भारत का तिरंगा और मध्य प्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया।

एनएसवाई आउटडोर्स के तत्वावधान में प्रसिद्ध पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय अभियान की शुरुआत 11 अगस्त 2026 को हुई थी। रूस में अभियान के दौरान टीम को भीषण ठंड, तेज हवाओं और खराब मौसम जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कई दिनों तक अनुकूल मौसम का इंतजार करने के बाद 20 और 21 अगस्त को परिस्थितियां बेहतर हुईं।

इसी दौरान जबलपुर की वर्षा पटेल ने 21 अगस्त की सुबह 9:07 बजे माउंट एल्ब्रुस के शिखर पर पहुंचकर सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से जबलपुर और मध्य प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ा है।

बेसबॉल में भी हासिल कर चुकी हैं राष्ट्रीय उपलब्धियां

वर्षा पटेल बचपन से ही खेलकूद में सक्रिय रही हैं। वह राष्ट्रीय स्तर की बेसबॉल खिलाड़ी रह चुकी हैं और विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 10 से अधिक पदक जीत चुकी हैं। पर्वतारोहण के क्षेत्र में भी उनका अनुभव रहा है।

वर्ष 2024 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट कोज़ियास्को पर तिरंगा फहराया था। ऐसा करने वाली वह मध्य प्रदेश पुलिस की पहली महिला आरक्षक बनी थीं।

सातों महाद्वीपों की चोटियां फतह करने का लक्ष्य

वर्षा पटेल का लक्ष्य दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह कर ‘सेवन समिट्स’ अभियान पूरा करना है। माउंट एल्ब्रुस की सफलता के बाद अब उनकी नजर अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर है।

वर्षा पटेल का कहना है कि वह पर्वतारोहण के माध्यम से तिरंगे को दुनिया की ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहती हैं। उनकी यह उपलब्धि विशेष रूप से जबलपुर के लिए गर्व का विषय है और युवाओं को खेल एवं साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post