दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया है। थाना प्रभारी मदनमहल धीरज राज के अनुसार क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकर्ष सिंह उर्फ लड्डू और आयुष जैन नरसिंह मंदिर के पीछे टपरिया बस्ती क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और मदनमहल पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। नरसिंह मंदिर के पीछे टपरिया बस्ती में मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान आकर्ष सिंह उर्फ लड्डू ठाकुर (25) निवासी महानद्दा, मदनमहल और आयुष जैन उर्फ कल्लू (19) निवासी सैनिक सोसायटी, शारदा चौक, गढ़ा के रूप में हुई। पुलिस ने तलाशी ली तो आकर्ष सिंह उर्फ लड्डू की कमर में एक पिस्टल मिली। वहीं आयुष जैन के पैंट की पीछे वाली जेब से एक कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने पिस्टल और कारतूस जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि अवैध पिस्टल और कारतूस उन्हें कहां से और किस व्यक्ति से मिले। साथ ही हथियार की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपी को फायर आम्र्स सहित रंगे हाथ पकड़ने अपराध थाना प्रभारी डीएसपी क्राईम शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राईम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डे, गोपाल सिंह, प्रधान रूस्तम अली, प्रदीप तेकाम, जावेद अहमद, आरक्षक राजेश म्हात्रे, अजीत तथा थाना मदनमहल के प्रधान आरक्षक दुर्गेश कुमार चैधरी, आरक्षक आदित्य सिंह, गोविन्द सिंह लोधी की सराहनीय भूमिका रही।
