दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के व्यस्त दमोहनाका फ्लाईओवर पर दिनदहाड़े एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। फ्लाईओवर से गुजर रहे अधिवक्ता दीपांशु साहू की कार को निशाना बनाते हुए एक नकाबपोश बदमाश ने कथित तौर पर देसी बम फेंक दिया। राहत की बात यह रही कि बम कार के कांच से टकराने के बावजूद फटा नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और अधिवक्ता सुरक्षित बच गए।
हमले के तुरंत बाद अधिवक्ता दीपांशु साहू बिना घबराए कार से उतरे और भाग रहे आरोपी का पीछा किया। पीछा करने के दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन से बदमाश का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। हालांकि, आरोपी उन्हें चकमा देकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
