दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस ने 'गरिमा अभियान' के तहत मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष कार्रवाई शुरू की है। अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों के बाहर आकस्मिक चेकिंग कर छात्राओं को परेशान करने वाले युवकों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि इससे पहले पुलिस ने देह व्यापार के अड्डों, कैबिन वाले रेस्टोरेंट्स और पीसीपीएनडीटी एक्ट से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की थी। अब अभियान के दायरे में स्कूल और कॉलेजों के आसपास का क्षेत्र भी शामिल किया गया है।
इसी क्रम में रानी दुर्गावती स्कूल के बाहर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया, जहां कई संदिग्ध युवक बिना हेलमेट और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों पर घूमते मिले। पुलिस द्वारा छात्राओं से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि ऐसे मनचले अक्सर उनका पीछा करते हैं और परेशान करते हैं।
पुलिस ने तत्काल ऐसे युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी अनु बेनीवाल ने साफ कहा कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि 'गरिमा अभियान' आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि बेटियों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके।
Tags
jabalpur
