दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। ताजा मामले में गश्त पर तैनात मध्य प्रदेश पुलिस की डायल 112/100 सेवा के वाहन को एक तेज रफ्तार बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस वाहन का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि वाहन के पायलट नीरज भार्गव के कंधे में गंभीर चोट और सूजन आई है।
जानकारी के अनुसार, डायल 112 के पायलट नीरज भार्गव महर्षि विद्या मंदिर की ओर से छोटी लाइन फाटक की तरफ एक इवेंट पर धीमी गति से जा रहे थे। इसी दौरान अनगढ़ महावीर मंदिर के सामने पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बस (क्रमांक MP 20 ZK 9577) ने डायल 112 वाहन (क्रमांक MP 04 YQ 05517) को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिंद्रा स्कॉर्पियो का पिछला कांच पूरी तरह टूट गया और डिग्गी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार करीब 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हादसे में पायलट नीरज भार्गव घायल हो गए, जबकि वाहन में मौजूद अन्य लोग सुरक्षित हैं।
घटना के बाद बस चालक वाहन से उतरकर पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। उस समय बस में यात्री भी सवार थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक सहित दोनों वाहनों को थाने ले जाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
jabalpur
