दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को पिस्टल और दो कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खेरमाई माता मंदिर के पास खड़ा था।
थाना प्रभारी रितेश पांडे ने बताया कि शुक्रवार रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाबाटोला निवासी रंजीत उर्फ लाला चौधरी पीले रंग की टी-शर्ट और स्लेटी रंग का लोअर पहने भोला नगर स्थित खेरमाई माता मंदिर के पास टीन शेड के नीचे खड़ा है। उसके पास पिस्टल होने की जानकारी भी पुलिस को मिली थी।
सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रंजीत उर्फ लाला चौधरी (22) निवासी सिंधी कैंप, बारूद खाना, फकीरचंद अखाड़ा के पीछे बाबाटोला, थाना हनुमानताल बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी की कमर में दाहिनी तरफ एक पिस्टल और लोअर की बाईं जेब में दो कारतूस मिले। पुलिस ने पिस्टल और दोनों कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को अवैध फायर आम्र्स के साथ रंगे हाथ पकड़ने में उप निरीक्षक अम्बुज पांडे, प्रधान आरक्षक प्रमोद राय एवं आरक्षक हरेन्द्र आरक्षक अभिरंजन, गोपाल, आलोक, जयकिशोर, समरेन्द्र की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
