Jabalpur News: गोराबाजार शराब दुकान के खिलाफ आंदोलन तेज, 16 अगस्त को तालाबंदी का ऐलान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोराबाजार क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर 15 जुलाई से जारी जन-आंदोलन को एक महीना पूरा हो गया है। कैंटोनमेंट बोर्ड के अल्टीमेटम और प्रशासनिक जांच के बावजूद दुकान का संचालन जारी रहने से स्थानीय नागरिकों और मातृशक्ति में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि नियमों के उल्लंघन के बावजूद शराब दुकान पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

प्रशासनिक उपेक्षा के विरोध में अब गोराबाजार संघर्ष समिति ने आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया है। समिति के पवन कनौजिया, नकुल गुप्ता, हेमंत मलिक, पवन यादव, जगदीश अग्रवाल, ओपी अग्रवाल और मोहन महावर के अनुसार रविवार, 16 अगस्त को दोपहर 2 बजे नागरिक और मातृशक्ति आजाद चौक पर एकत्र होंगे। इसके बाद दुकान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और तालाबंदी का ऐलान किया गया है।

कैंट बोर्ड जबलपुर के मुख्य अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार की ओर से 6 अगस्त को लाइसेंसधारक और मकान मालिक को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में दो दिनों के भीतर दुकान हटाने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर छावनी अधिनियम 2006 के तहत दुकान सील करने की बात कही गई थी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने के बावजूद दुकान का संचालन जारी है।

कैंट बोर्ड के नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि शराब दुकान का लाइसेंस मूल रूप से ‘एफएल बिलहरी 2, पीएस बरेला’ के नाम से स्वीकृत था, जिसे नियमों के विपरीत गोराबाजार के रिहायशी क्षेत्र में स्थानांतरित किए जाने की बात सामने आई है। जांच में दुकान से जामा मस्जिद की दूरी 97.4 मीटर बताई गई है, जबकि निर्धारित प्रतिबंधित दूरी 100 मीटर है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब जांच में नियमों के उल्लंघन की बात सामने आ चुकी है और कैंट बोर्ड की ओर से दुकान हटाने का नोटिस भी जारी किया जा चुका है, तो कार्रवाई में देरी क्यों की जा रही है। नागरिकों ने प्रशासन से दुकान को तत्काल बंद कर सील करने की मांग की है। रविवार को आजाद चौक पर प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post