Jabalpur News: फोन हैक कर महिला के बैंक खाते से उड़ाए 95 हजार रुपये, मामला दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी के गोरखपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। शातिर साइबर ठग ने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से रिफंड दिलाने का झांसा देकर एक महिला का मोबाइल फोन हैक कर लिया और उनके बैंक खाते से करीब 95 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़िता की शिकायत पर गोरखपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हवाबाग कॉलेज के पीछे (कटंगा) निवासी 42 वर्षीया सोनम मालवीय ने 14 अगस्त को गोरखपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उनका मोबाइल नंबर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की कटंगा शाखा से लिंक है। 12 अगस्त को फ्लिपकार्ट से उनके कुछ रुपये रिफंड आने थे। दोपहर करीब 12 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया।

बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को रिफंड प्रोसेस करने वाला प्रतिनिधि बताते हुए व्हाट्सएप कॉल किया। उसने महिला को झांसा दिया कि वह रिफंड के रुपये व्हाट्सएप के जरिए उनके पेटीएम वॉलेट में ट्रांसफर कर रहा है। पीड़िता को अपनी बातों में उलझाकर आरोपी ने तकनीकी चालाकी से उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद पीड़िता के एसबीआई खाते से 94 हजार 996 रुपये गायब कर दिए।

जब बैंक खाते से रुपये कटने का मैसेज आया, तब महिला को ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता की रिपोर्ट पर गोरखपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का अपराध पंजीकृत कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से जिस नंबर से कॉल आया था और जिस खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी जांच कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post