दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी के घमापुर थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। डुमना नेचर पार्क से घूमकर लौट रही दो युवतियों को रास्ते में रोककर बदमाशों ने शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने युवतियों के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने आई सहेली पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीरजी का बगीचा (सदर कैंट) निवासी 23 वर्षीया विदांशी खरे ने घमापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। विदांशी ने बताया कि दोपहर लगभग 3 बजे वह अपनी सहेली करुणा चौधरी के साथ दोस्त की एक्सिस गाड़ी से डुमना घूमने गई थी। शाम करीब 5:30 बजे जब दोनों वापस लौट रही थीं, तभी नहरा कंपनी के पास मंदिर के थोड़ा आगे पीछे से आरोपी विवेक खरे अपनी साथी दीपा कोरी के साथ आया और गाड़ी रोककर शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा।
जब विदांशी ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो विवेक खरे गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा, जिससे उसके पेट और आंख के ऊपर चोट आई। इसी दौरान दीपा कोरी ने विदांशी के बाल पकड़कर उसे घसीटा।
सहेली को पिटता देख जब करुणा चौधरी बीच-बचाव करने पहुंची, तो विवेक के दोस्त विकास चौधरी ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू लगने से करुणा के बाएं हाथ की कोहनी और सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं, साथ मौजूद रिया नाम की लड़की ने करुणा के बाल पकड़कर मारपीट की।
घटना को अंजाम देने के बाद चारों आरोपियों ने युवतियों को धमकी दी कि यदि पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई तो जान से खत्म कर देंगे। इसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
लहूलुहान और सहमी युवतियों ने घमापुर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने विदांशी की रिपोर्ट पर आरोपी विवेक खरे, दीपा कोरी, विकास चौधरी और रिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(A), 115(2), 119(1), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
