दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र में सड़क पर बाइक लहराकर चला रहे युवकों को टोकना दो भाइयों को भारी पड़ गया। बेखौफ बदमाशों ने मामूली सी बात पर विवाद करते हुए दोनों भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और अपने अन्य साथियों को बुलाकर उनके साथ जमकर मारपीट की। घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मयूर कला मंदिर के पास घमापुर निवासी विकास शर्मा (41 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान बंद करके अपने भाई आशु शर्मा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बीती रात करीब 10 बजे जैसे ही वे चुंगी चौकी मोड़ के पास पहुंचे, तभी दुर्गा मंदिर की तरफ से प्रथम और प्रवेश नाम के दो युवक लापरवाही से बाइक लहराते हुए आए।
विकास शर्मा ने जब उन्हें देखकर गाड़ी चलाने की सलाह दी, तो दोनों आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी प्रथम ने जान से मारने की नियत से विकास पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में 2-3 जगह गंभीर चोटें आईं और वह जमीन पर गिर पड़ा। जब भाई आशु बीच-बचाव करने आया, तो आरोपी प्रवेश ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया, जिससे आशु की बाईं आंख के ऊपर गहरी चोट आई।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने फोन करके अपने तीन अन्य अज्ञात साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद पांचों ने मिलकर दोनों भाइयों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद लहूलुहान अवस्था में दोनों भाई घमापुर थाने पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दोनों को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल भिजवाया। जहां आशु की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
घमापुर थाना पुलिस ने पीड़ित विकास शर्मा की शिकायत पर आरोपी प्रथम, प्रवेश और उनके तीन अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
