Jabalpur News: सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा राम भरोसे, एल्गिन में देर रात नशे में धुत युवकों का हंगामा, चाकू के साथ मारपीट; जिला अस्पताल में शराब पीती दिखी महिला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर संभाग के सबसे बड़े लेडी एल्गिन अस्पताल में रविवार देर रात दो युवकों के हंगामे का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े तीन बजे दोनों युवक नशे की हालत में अस्पताल के मुख्य गेट से परिसर में दाखिल हुए और कुछ देर बाद आपस में गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। इस दौरान एक युवक के हाथ में चाकू देखे जाने की बात भी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार दोनों युवक करीब 10 मिनट तक अस्पताल परिसर में एक-दूसरे से मारपीट करते रहे। लड़ते-लड़ते दोनों मुख्य द्वार तक पहुंच गए। हंगामे और शोरगुल के बीच अस्पताल में मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान एक युवक के हाथ में चाकू होने की जानकारी सामने आई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में चिंता का माहौल बन गया।

पुलिस पहुंची तो उससे भी करने लगे बहस


हंगामा बढ़ने पर अस्पताल में मौजूद लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, नशे में बताए जा रहे दोनों युवक पुलिसकर्मियों से भी बहस करने लगे और गाली-गलौच करते रहे।

घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल परिसर में देर रात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


महिला और नवजात मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता


लेडी एल्गिन अस्पताल में बड़ी संख्या में महिलाएं और नवजात बच्चे भर्ती रहते हैं। ऐसे में देर रात दो युवकों का अस्पताल परिसर में प्रवेश कर हंगामा करना अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि रात के समय अस्पताल के मुख्य गेट पर सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है और बाहरी लोगों के अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं।

जिला अस्पताल का भी वीडियो सामने आया


लेडी एल्गिन अस्पताल की घटना के बाद जबलपुर जिला अस्पताल से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रविवार दोपहर का है। वीडियो में एक महिला सीढ़ियों से जनरल वार्ड की ओर जाती दिखाई दे रही है और वार्ड के दरवाजे के पास बैठकर शराब पीती नजर आ रही है।

बताया गया कि मरीजों के परिजनों ने महिला को समझाने और अस्पताल से बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अस्पताल प्रशासन के सामने सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत को रेखांकित किया है, ताकि मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल के कर्मचारियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post