दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में शनिवार रात गौरीघाट से ओमती की ओर निकली कांवड़ यात्रा के दौरान एयरगन से हवाई फायरिंग को लेकर भारी हंगामा हो गया। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने जब फायरिंग करने वाले युवक से एयरगन जब्त की, तो दर्जनों युवकों ने पुलिस बल को घेर लिया और धक्का-मुक्की करते हुए बंदूक वापस छीन ली। घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कांवड़ यात्रा में महिलाएं, बच्चे और बड़ी संख्या में युवा शामिल थे। यात्रा जब नर्मदा तट से आगे बढ़ रही थी, तभी भीड़ के बीच से अचानक हवाई फायर की आवाज आई। गश्त और ट्रैफिक व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर फायरिंग करने वाले युवक को रोका और उसके हाथ से एयरगन जब्त कर ली।
पुलिस कर्मियों को घेरा, धक्का-मुक्की कर छीनी गन
एयरगन जब्त होते ही यात्रा में शामिल कुछ युवक उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। युवकों की भीड़ ने पुलिसकर्मियों को चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी हाथापाई के बीच युवक पुलिस के कब्जे से एयरगन वापस छीनकर ले गए। बाद में मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने स्थिति को संभाला और यात्रा को आगे रवाना कराया।
अधिकारियों ने लिया संज्ञान, वायरल वीडियो से पहचान में जुटी पुलिस
घटना का वीडियो सोमवार को सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। भीड़भाड़ वाली धार्मिक यात्रा में इस तरह हथियार लहराने और फायरिंग करने से कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस पर दबाव बनाने और हथियार छीनने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में धार्मिक आयोजनों के दौरान ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
Tags
jabalpur
