दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना हनुमानताल अंतर्गत बाबा टोला क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक 19 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
चाय पीने के बाद पावर हाउस के पास खड़ा था पीड़ित
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बाबा टोला नई बस्ती (दुर्गा चौक, हनुमानताल) निवासी 19 वर्षीय रोहन चौधरी रविवार रात लगभग 10 बजे टेढ़ीनीम पावर हाउस के पास स्थित बबलू चाटी की दुकान पर चाय पीने गया था। चाय पीने के बाद रोहन पावर हाउस के समीप खड़ा था, तभी क्षेत्र का ही रहने वाला सुमित चौधरी उर्फ काला वहां पहुंचा।
पुराने विवाद पर दी गालियां, मना करने पर घोंपा चाकू
रोहन ने पुलिस को बताया कि सुमित उर्फ काला से उसका पिछले 3-4 महीनों से विवाद चल रहा है। रविवार रात भी सुमित पुरानी रंजिश को लेकर अचानक उससे गाली-गलौज करने लगा। जब रोहन ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपी सुमित ने जान से मारने की नीयत से चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से रोहन के सीने के दाहिने हिस्से और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
विक्टोरिया से मेडिकल कॉलेज रेफर, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
घायल रोहन को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल (विक्टोरिया) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज पहुंची हनुमानताल पुलिस ने रोहन चौधरी के बयानों के आधार पर आरोपी सुमित चौधरी उर्फ काला के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) और 296(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
