MP News: दतिया में तिरंगा लगाने के दौरान छात्र की करंट लगने से मौत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच दतिया में दर्दनाक हादसा हो गया। लिटिल स्टार पब्लिक स्कूल की छत पर तिरंगा लगाने के दौरान 11वीं कक्षा का छात्र 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान ग्राम जोनिया निवासी राज कुशवाह के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में छुट्टी होने के बाद स्कूल संचालक ने राज को दोबारा बुलाया था और स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के लिए छत पर झंडा लगाने भेजा था।

राज लोहे के पाइप की मदद से तिरंगा लगाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया और करंट छात्र के शरीर में उतर गया। हादसे में उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखकर मां-पिता बेसुध हो गए और फूट-फूटकर रोने लगे। परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही और घटना की जानकारी समय पर नहीं देने का आरोप लगाया है।

राज के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें किसी मुआवजे की जरूरत नहीं है, बल्कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय दिया जाए।

कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश राजपूत ने बताया कि छात्र के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post