Jabalpur News: 18 किलो 682 ग्राम गांजे के साथ महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, ट्रॉली अटैची और बैग में छिपा रखा था ₹9.34 लाख का गांजा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना गढ़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बड्डा दादा ग्राउंड के पास दबिश देकर एक महिला समेत तीन आरोपियों को गांजे की बड़ी खेप के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बैग और ट्रॉली अटैची में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड्डा दादा मैदान के पास एक महिला और दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। तीनों के पास एक ट्रॉली अटैची और बैग हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में गांजा रखा हुआ है। 

बड्डा दादा ग्राउंड के पास पुलिस ने घेरा

मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच और थाना गढ़ा पुलिस की संयुक्त टीम बड्डा दादा ग्राउंड के पास पहुंची। पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के अनुसार एक महिला और दो युवक अटैची व बैग लेकर खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अनिकेत श्रीपाल (20), निवासी हनुमान मंदिर के पास गांधी चौक, रांझी, दीपू उर्फ देव रजक (22), निवासी चिकनी कुआ, गढ़ा और कमला बाई अहिरवार (45), निवासी बढ़ैया खेड़ा, थाना ठेमी, जिला नरसिंहपुर, वर्तमान पता पुरवा झंडा चौक, गढ़ा बताए।

अटैची और बैग से मिले गांजे के पैकेट

पुलिस द्वारा आरोपियों और उनके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अनिकेत श्रीपाल की ट्रॉली अटैची से चार पैकेट, दीपू उर्फ देव रजक के बैग से चार पैकेट तथा कमला बाई के बैग से दो पैकिंग बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ का वजन करने पर कुल 18 किलो 682 ग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 34 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। 

इनकी रही सराहनीय भूमिका

आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने में थाना प्रभारी अपराध उप पुलिस अधीक्षक  शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डे, सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रदीप तेकाम, आरक्षक राजेश मिश्रा, राजेश मात्रे, अजीत सिंह एवं थाना गढा के उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद अहिरवार, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, सत्यनारायण ठाकुर, संदीप डेहरिया, आरक्षक गौरव, हेमंत पटेल, महिला सैनिक उमा पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post