Jabalpur News: बाइक सवार बदमाशों ने कुम्हारें हेल्थ क्लब के पास छात्र से मोबाइल झपटा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में रात के समय पैदल घूम रहे एक कॉलेज छात्र से बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद छात्र ने ऑटो से बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन दोनों तेज रफ्तार से भाग निकले।  पुलिस के मुताबिक बीती रात चेरीताल खेरमाई मंदिर निवासी दीपांश केशरवानी (18 वर्ष) ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। दीपांश श्रीराम कॉलेज में BCA प्रथम वर्ष का छात्र है। उसने पुलिस को बताया किबीती रात करीब 10:30 बजे खाना खाने के बाद वह पैदल टहलने के लिए घर से निकला था। टहलते हुए वह कुम्हारें हेल्थ क्लब से बल्देवबाग की ओर जा रहा था। दीपांश के मुताबिक, जब वह रास्ते में आगे बढ़ रहा था, तभी पीछे से स्प्लेंडर बाइक पर दो अज्ञात युवक आए। 

बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक उसके पीछे गर्दन पर हाथ मारा। इससे पहले कि छात्र कुछ समझ पाता, आरोपी ने उसके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से बल्देवबाग की तरफ तेजी से भाग गए। शिकायत में छात्र ने पुलिस को बताया कि जिस बाइक से दोनों युवक आए थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। मोबाइल झपटने वाले युवक ने सिर पर कैप लगा रखा था। वारदात के बाद दीपांश ने तत्काल एक ऑटो लिया और दोनों आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post