Jabalpur News: विजयनगर में रंगदारी न देने पर युवक पर चाकू से हमला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना विजयनगर क्षेत्र अंतर्गत दीनदयाल रोड स्थित औलिया मस्जिद के सामने शराब पीने के लिए रुपए न देने पर बदमाशों ने एक दुकान संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल युवक को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

विक्टोरिया अस्पताल से मिली सूचना पर पहुंची विजयनगर पुलिस को जागृतिनगर अमखेरा (गोहलपुर) निवासी मोहम्मद रहीश (42 वर्ष) ने बताया कि वह औलिया मस्जिद के सामने जूते-चप्पल की दुकान लगाता है। शनिवार रात करीब 9 बजे उसकी दुकान के पीछे त्रिपाल पर बैठकर चार अज्ञात व्यक्ति शराब पी रहे थे।

जब रहीश ने उनसे अपनी त्रिपाल मांगी, तो दो व्यक्तियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। रहीश द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। रुपये देने से मना करने पर काले रंग के कपड़े और चेकदार शर्ट पहने एक आरोपी ने चाकू से हमला कर रहीश के बाएं पैर की जांघ पर चोट पहुंचा दी। वहीं, दूसरे आरोपी ने हाथ-मुक्कों से उसकी गर्दन और चेहरे पर मारपीट की।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए कृषि उपज मंडी की तरफ भाग निकले। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 119(1), 296(बी), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post