दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर : जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर पनागर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 333 पाव देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध श्री जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल श्रीमती राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना पनागर पुलिस को 22 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि रिंग रोड किनारे ब्रिज के पास ग्राम कोहना (कोहनी) में एक व्यक्ति तीन प्लास्टिक की बोरियों में अवैध शराब रखकर बिक्री की तैयारी में है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रूपेश साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी भिड़ारीकला, पनागर बताया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे में रखी तीनों बोरियों की तलाशी ली, जिसमें कुल 333 पाव देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 36,065 रुपये है, बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अलग-अलग शराब दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर एकत्रित करता था और बाद में ढाबों तथा फुटकर रूप से बेचता था।
पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी रूपेश साहू के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
