मुंबई में BMW फ्लाईओवर से 75 फीट नीचे गिरी, 3 की मौत: 1 गंभीर घायल; चारों की उम्र 17 से 23 साल, मरीन ड्राइव से लौट रहे थे

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार BMW फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। चारों की उम्र 17 से 23 साल के बीच बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। सुबह करीब 5:20 बजे तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। BMW डिवाइडर से टकराने के बाद फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार फ्लाईओवर से नीचे गिरती दिखाई दे रही है।

तीन युवकों की मौत, एक घायल

हादसे के बाद चारों युवकों को नायर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने शनाय गज्जल (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य सेठ (17) को मृत घोषित कर दिया। घायल आदित्य ओसवाल (23) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, चारों छात्र थे। इनमें शनाय, आदित्य और धैर्य मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ते थे। शनाय अहमदाबाद का रहने वाला था और मुंबई में PG में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक BMW उसके परिवार की बताई गई है।

मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने BMW की जांच कर जरूरी सैंपल जुटाए। हादसे में फ्लाईओवर पर लगा एक बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस ने शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया है। मामले की जांच जारी है।

कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार से चलती हैं गाड़ियां

मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबी हाई-स्पीड सड़क है, जो दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ती है। इस मार्ग पर वाहनों की गति अन्य शहरी सड़कों की तुलना में अधिक रहती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post