दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आगामी गणेशोत्सव पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जबलपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने गुरुवार रात पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के राजपत्रित अधिकारियों के साथ शहर और देहात के थाना प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना से लेकर विसर्जन, जुलूस और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी सहित विभिन्न नगर पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। देहात क्षेत्र के थाना प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
जुलूस और विसर्जन मार्गों पर रहेगी विशेष निगरानी
बैठक में गणेशोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। गणेश प्रतिमाओं की स्थापना, जुलूस तथा विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान संभावित भीड़ और संवेदनशील स्थानों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी सम्पत उपाध्याय ने अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गणेश उत्सव समितियों, आयोजकों और गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजनों के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता
पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पहले से तैयार रखा जाए और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
गणेशोत्सव के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया गतिविधियों की सतत निगरानी करने और किसी भी आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसपी ने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि गणेशोत्सव के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हों।
Tags
jabalpur
