MP News: नरसिंहपुर में स्कूल से लौटकर अतिथि शिक्षिका ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नरसिंहपुर। जिले के करकबेल गांव में 26 वर्षीय शादीशुदा अतिथि शिक्षिका ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। मृतका के मायके पक्ष ने प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतका की पहचान नम्रता पटेल (26) के रूप में हुई है। वह झामर स्थित सरकारी स्कूल में अतिथि शिक्षक थीं। नम्रता की शादी करीब छह साल पहले अमन पटेल से हुई थी। अमन किसान हैं।

पुलिस के मुताबिक, नम्रता बुधवार को रोज की तरह स्कूल गई थीं। शाम को उनके पति अमन उन्हें स्कूल से घर लेकर आए और इसके बाद खेत चले गए। बताया जा रहा है कि घर लौटते समय पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

कमरे का दरवाजा तोड़कर निकाला शव

अमन जब खेत से वापस घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। कमरे के अंदर नम्रता का शव नायलॉन की रस्सी से छत के कुंदे से लटका मिला।

परिजनों ने नम्रता को फंदे से उतारकर नरसिंहपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतका के मायके पक्ष ने पति-पत्नी के बीच विवाद और प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग की है। मृतका के पिता ने भी दोनों के बीच अनबन की बात बताई है। अस्पताल चौकी से केस डायरी मिलने के बाद ठेमी पुलिस मामले की आगे जांच करेगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post