दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में गांधी व्यायामशाला के पास स्थित एक प्राइवेट हॉस्टल में जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (JEC) के छात्र का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान ओम पांडे के रूप में हुई है। वह जेईसी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के चौथे वर्ष में 7वें सेमेस्टर का छात्र था।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, ओम हॉस्टल के एक कमरे में दो अन्य छात्रों के साथ रहता था। घटना के समय दोनों रूम पार्टनर अपने दोस्तों से मिलने दूसरे हॉस्टल गए हुए थे। ओम कमरे में अकेला था। इसी दौरान उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर आत्मघाती कदम उठा लिया।
पढ़ाई को लेकर तनाव में था छात्र
पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों व दोस्तों से हुई पूछताछ में सामने आया है कि ओम पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। पुलिस के मुताबिक वह पढ़ाई में होनहार छात्र था, लेकिन कुछ समय पहले तबीयत खराब होने के कारण उसके कुछ विषयों में बैक आ गई थी। इसके बाद से वह पढ़ाई को लेकर दबाव महसूस कर रहा था।
पुलिस को आशंका है कि पढ़ाई और बैक को लेकर चल रहे तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
सुसाइड नोट नहीं मिला
घटना की सूचना मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस छात्र के दोस्तों, परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। ओम अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
