मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी की ‘बिग बॉस 20’ में एंट्री, सलमान बोले- ‘बाप पे मत जाना’

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर आज रात होने जा रहा है। शो के प्रीमियर से पहले एक प्रोमो सामने आया है, जिसमें भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी नेता मनोज तिवारी अपनी बेटी रीति तिवारी को बिग बॉस के घर में छोड़ने पहुंचे। इस दौरान सलमान खान ने मनोज तिवारी को उनकी पुरानी बिग बॉस जर्नी की याद दिलाते हुए मजाक भी किया।

प्रोमो में मनोज तिवारी गाना गाते हुए स्टेज पर पहुंचते हैं। सलमान उनसे दोबारा बिग बॉस में आने को लेकर मजाक करते हैं। मनोज बताते हैं कि इस बार वह खुद कंटेस्टेंट बनने नहीं, बल्कि अपनी बेटी रीति को शो में छोड़ने आए हैं। इसके बाद रीति स्टेज पर परफॉर्म करती हैं।

रीति को घर के अंदर होने वाले विवादों को लेकर सलमान सलाह देते हैं कि “अंडों को लेकर मत लड़ना।” इसके बाद वह मनोज तिवारी की तरफ इशारा करते हुए कहते हैं- “ऐ बाप पे मत जाना।” सलमान की इस बात ने मनोज तिवारी के बिग बॉस के पुराने विवाद की यादें ताजा कर दीं।

डॉली बिंद्रा से अंडों को लेकर हुआ था विवाद

मनोज तिवारी ने साल 2010 में ‘बिग बॉस 4’ में हिस्सा लिया था और करीब 62 दिन घर में रहे थे। उस सीजन में श्वेता तिवारी, खली और डॉली बिंद्रा जैसे चर्चित चेहरे भी शामिल थे। सीजन की विजेता श्वेता तिवारी बनी थीं।

मनोज तिवारी और डॉली बिंद्रा के बीच अंडों को लेकर हुआ विवाद काफी चर्चित रहा था। मनोज नाश्ते में ऑमलेट बनाना चाहते थे, जबकि डॉली पहले बचा हुआ खाना खत्म करने की बात कह रही थीं। बहस के दौरान मनोज ने कहा था, “किचन किसी के बाप का नहीं है।” इस पर डॉली ने जवाब दिया था, “बाप पे बोलना नहीं।” दोनों के बीच हुई यह बहस बाद में सोशल मीडिया मीम्स का हिस्सा बन गई।

सिंगर और कंपोजर हैं रीति तिवारी

रीति तिवारी, मनोज तिवारी और उनकी पहली पत्नी रानी तिवारी की बेटी हैं। वह सिंगर, सॉन्गराइटर, कंपोजर और प्रोड्यूसर हैं। रीति ने कवर सॉन्ग्स के साथ-साथ ओरिजिनल म्यूजिक पर भी काम किया है।

निरहुआ भी प्रोमो में नजर आए

‘बिग बॉस 20’ के एक अन्य प्रोमो में भोजपुरी अभिनेता और गायक दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी नजर आए। वह रिक्शे पर सवार होकर शो के सेट पर पहुंचे, जबकि बैकग्राउंड में उनका चर्चित गाना ‘निरहुआ रिक्शावाला’ बजता सुनाई दिया।

सलमान ने निरहुआ का स्वागत करते हुए मजाक किया। निरहुआ ने बताया कि उन्हें दोबारा बिग बॉस के घर में मौका मिलने की बात कही गई थी। हालांकि, सलमान ने मजाकिया अंदाज में उन्हें रोकते हुए कहा कि वह सिर्फ यहीं तक हैं। निरहुआ साल 2012 में ‘बिग बॉस 6’ में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुए थे और करीब 40 दिन घर में रहे थे।

प्रोमो के बाद सोशल मीडिया पर आम्रपाली दुबे की बिग बॉस में एंट्री को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, शो में कौन-कौन आधिकारिक तौर पर कंटेस्टेंट बनेगा, इसका खुलासा प्रीमियर के दौरान होगा।

इन नामों की भी चर्चा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘बिग बॉस 20’ के लिए माही विज, कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू, अरिश्फा खान, कनिका मान, ईशा रिखी और काजी तौकीर समेत कई नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा मैरी कॉम, आम्रपाली दुबे, अमन गांधी, आसिफ खान, रोहेद खान, फैसल खान, युंग डीएसए और स्काउट के नाम भी सामने आए हैं। रिह्या अहीर और लव गिल में से किसी एक को जनता के वोट के आधार पर मुख्य घर में एंट्री मिलने की बात कही जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post