MP News: यूसीसी के विरोध में भोपाल पहुंचे ओवैसी, बोले- विविधता खत्म करने की कोशिश

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार को भोपाल पहुंचे। राजा भोज एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। भोपाल में वे समान नागरिक संहिता (UCC) के विरोध में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

ओवैसी ने यूसीसी का विरोध करते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता है और समान नागरिक संहिता के जरिए इस विविधता को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14, 25, 26 और 29 का हवाला देते हुए कहा कि नागरिकों को धार्मिक स्वतंत्रता और अपनी संस्कृति को बनाए रखने का अधिकार प्राप्त है।

ओवैसी ने एनडीए में शामिल दलों के नेताओं से भी यूसीसी का विरोध करने की अपील की। उन्होंने टीडीपी, जेडीयू, एचडी कुमारस्वामी, चिराग पासवान और जयंत चौधरी का नाम लेते हुए कहा कि यदि ये नेता पूरी तरह भाजपा की विचारधारा में नहीं ढले हैं तो उन्हें यूसीसी के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि यूसीसी के जरिए हिंदू व्यक्तिगत कानूनों से जुड़े प्रावधानों को गैर-हिंदुओं पर लागू करने की कोशिश की जा रही है। ओवैसी ने आदिवासी समुदायों की अलग संस्कृति और परंपराओं का उदाहरण देते हुए मुस्लिम समुदाय के व्यक्तिगत कानूनों और धार्मिक पहचान का भी उल्लेख किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post