दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला लॉर्डगंज थाना क्षेत्र का है, जहां पुरानी चरहाई स्थित चाइनीज़ की दुकान के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गया।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अर्पित अग्रवाल पुरानी चरहाई में चाइनीज़ की दुकान लगाता है। 14 सितंबर की रात करीब 1 बजे दुकान बंद करने के बाद वह बड़ा फुहारा गया। इसके बाद रात करीब 1:38 बजे वापस लौटकर उसने अपनी HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक MP 20 NW 4011 चाय की दुकान के पास खड़ी की और अपने दोस्त की मोटरसाइकिल से ग्वारीघाट नर्मदा दर्शन के लिए चला गया।
करीब 3 बजे नर्मदा दर्शन कर वापस लौटने पर अर्पित ने देखा कि जिस स्थान पर उसने अपनी बाइक खड़ी की थी, वहां मोटरसाइकिल नहीं थी। आसपास तलाश करने के साथ ही दोस्तों और रिश्तेदारों से भी जानकारी ली, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसने लॉर्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बाइक चोरी करने वाले आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके।
Tags
jabalpur
