Jabalpur News: गणेशोत्सव को लेकर अलर्ट मोड पर पुलिस, असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर, अश्लील-भड़काऊ गानों और ताश खेलने पर रोक; पंडालों में 24 घंटे दो लोगों की मौजूदगी अनिवार्य

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गणेशोत्सव पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जबलपुर पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। 15 सितंबर से शुरू हुए 11 दिवसीय गणेशोत्सव को लेकर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गणेशोत्सव समितियों के आयोजकों के साथ बैठक कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधिकारियों द्वारा शहर से लेकर ग्रामीण थाना क्षेत्रों तक गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। समितियों को पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया है। पुलिस का उद्देश्य पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

पुलिस ने गणेश पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। पंडालों में 24 घंटे कम से कम दो जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी अनिवार्य की गई है। पंडाल और उसके आसपास अश्लील अथवा भड़काऊ गीत बजाने पर रोक रहेगी। तेज आवाज वाले डीजे पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा पंडालों में ताश खेलने पर भी रोक लगाई गई है।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गणेशोत्सव के दौरान शरारती तत्वों, संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों, गुंडों और बदमाशों पर विशेष नजर रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस के फिक्स प्वाइंट लगाए गए हैं। आयोजन स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार पेट्रोलिंग भी की जाएगी।

जिला विशेष शाखा सहित सूचना संकलन से जुड़े पुलिस बल को भी सक्रिय किया गया है। इन टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी तथा वरिष्ठ अधिकारियों को फीडबैक दिया जाएगा। पुलिस का फोकस ऐसे लोगों पर रहेगा, जो पर्व के दौरान माहौल खराब करने या विवाद की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं।

गणेशोत्सव के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। शाम के समय चिन्हित बाजार क्षेत्रों और गणेश पंडालों के आसपास यातायात टीम विशेष निगरानी रखेगी। भीड़ और वाहनों के दबाव से लगने वाले जाम को नियंत्रित करने के लिए थाना पुलिस के साथ समन्वय कर व्यवस्था बनाई जा रही है।

यातायात पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले कुछ स्थानों पर शाम के समय चार पहिया वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने पर भी विचार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसके लिए आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन और अन्य व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post