दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मिलावटी एवं दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य सामग्री विक्रय प्रतिष्ठानों की जांच का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने राइट टाउन क्षेत्र स्थित सागर रत्ना और असांजो रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार, टीम ने राइट टाउन स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट के किचन एवं स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान फ्रिज में एक दिन पुरानी दाल मखनी और उबले चने विक्रय के लिए संग्रहित पाए गए। मौके से पनीर सहित बासी खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए लिए गए।
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के किचन में साफ-सफाई का स्तर भी संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने असांजो रेस्टोरेंट, राइट टाउन का भी निरीक्षण किया। यहां वाशिंग एरिया में गंदगी पाई गई। टीम ने किचन में संग्रहित पनीर और सनफ्लावर ऑयल के सैंपल जांच के लिए लिए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
