दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने स्थित आईडीए के करीब 12 हजार वर्गमीटर मैदान को 5 शर्तों के साथ मंजूरी दी गई है। आईडीए ने मैदान उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली है, जबकि सुरक्षा, मंच, डोम, पार्किंग, प्रवेश-निकासी और अन्य व्यवस्थाएं आयोजकों को स्वयं करनी होंगी। मैदान के लिए कांग्रेस ने करीब 10.08 लाख रुपए जमा किए हैं।
कार्यक्रम को लेकर करीब 5 एकड़ क्षेत्र में हाईटेक वॉटरप्रूफ डोम तैयार किया जा रहा है। कांग्रेस का दावा है कि इसमें करीब एक लाख युवाओं के बैठने की व्यवस्था होगी। करीब ढाई लाख वर्गफीट क्षेत्र में बनाए जा रहे डोम के लिए भोपाल से सामग्री मंगाई गई है। दिल्ली से पहुंची तकनीकी टीम तैयारियों की निगरानी कर रही है।
बारिश के बीच तैयार हो रहा मैदान
लगातार बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल पर कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए मिट्टी और गिट्टी डालकर मैदान को समतल और मजबूत करने का काम तेजी से चल रहा है। डोम के लिए खंभे लगाने और अन्य संरचनाएं तैयार करने का काम भी जारी है। आयोजकों के सामने बारिश के बीच समय पर तैयारियां पूरी करना सबसे बड़ी चुनौती है।
उत्तर दिशा में बनेगा राहुल गांधी का मंच
कार्यक्रम के लेआउट के अनुसार राहुल गांधी का मंच मैदान की उत्तर दिशा में बनाया जाएगा। छात्रों के लिए प्रवेश रीजनल पार्क की ओर से रखा गया है, जबकि युवक-युवतियों के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी के मंच तक पहुंचने के लिए अलग रास्ता बनाया गया है। इस मार्ग से केवल राहुल गांधी की कार को प्रवेश दिया जाएगा, जबकि वीआईपी मूवमेंट को छात्रों की आवाजाही से अलग रखने की तैयारी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एंट्री रहेगी प्रतिबंधित
आयोजन स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सामान्य एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से छात्रों की भागीदारी रहेगी। कांग्रेस ने कार्यक्रम स्थल और प्रवेश मार्गों को लेकर मैप भी जारी किया है। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था आयोजकों द्वारा की जाएगी।
पुलिस से अनुमति के लिए पत्र
इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर कार्यक्रम की अनुमति मांगी गई है। पत्र में कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी गई है। इसके अलावा जिला कांग्रेस की ओर से अनंत चतुर्दशी पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर आधारित झांकी निकालने की अनुमति भी मांगी गई है, जिस पर अभी प्रशासन की मंजूरी का इंतजार है।
पहले स्टेडियम, फिर आईडीए मैदान पर बनी सहमति
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर आयोजन स्थल और अनुमति का मामला शुरुआत से ही चर्चा में रहा है। कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद इसकी तारीख बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी गई। इसके बाद कांग्रेस ने वैकल्पिक स्थल तलाशते हुए रीजनल पार्क के सामने स्थित आईडीए मैदान को चुना।
अब आईडीए की मंजूरी मिलने के बाद आयोजन स्थल पर तैयारियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस के सामने बारिश के बीच मैदान और डोम को समय पर तैयार करने के साथ ही बड़ी संख्या में छात्रों की सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की चुनौती है।
Tags
madhya pradesh
