दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को एमपी नगर क्षेत्र के होटल और रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान ड्रैगन हाउस रेस्टोरेंट के किचन में चूहों की मौजूदगी और बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री के खराब रखरखाव के मामले सामने आए। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया।
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के किचन में चूहे मिले। यहां 5 पैकेट मशरूम सड़ी और खराब अवस्था में रखे पाए गए, जिन्हें अधिकारियों ने मौके पर ही डस्टबिन में फिंकवाया। इसके अलावा एक्सपायर्ड मसालों के पैकेट भी मिले, जिन पर चूहों के कुतरने के निशान थे। किचन में चूहों की मौजूदगी के अन्य प्रमाण भी पाए गए। रेस्टोरेंट के मैनेजर ने भी प्रतिष्ठान में चूहों की समस्या होने की बात स्वीकार की।
जांच में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के लिए अलग-अलग भंडारण व्यवस्था नहीं मिली। पांच फ्रीजर में खाद्य सामग्री को एक साथ रखा गया था। अधिकारियों के मुताबिक प्रतिष्ठान में सैनिटरी और हाइजीन से जुड़ी आवश्यक शर्तों का भी पूर्ण रूप से पालन नहीं किया जा रहा था। टीम ने यहां से खाद्य सामग्री के नमूने भी लिए हैं।
इंडियन कॉफी हाउस में भी मिलीं अनियमितताएं
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एमपी नगर स्थित इंडियन कॉफी हाउस का भी निरीक्षण किया। यहां खुले डस्टबिन और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिली। पैक्ड पापड़ मिसब्रांडेड पाए गए। प्रतिष्ठान प्रबंधन ने बताया कि पापड़ केरल से मंगाए गए हैं।
निरीक्षण में नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए पृथक भंडारण और प्रोसेसिंग की व्यवस्था नहीं मिली। इनके लिए अलग बर्तन और फ्रीजर भी उपलब्ध नहीं थे। दो कड़ाहियां अत्यधिक काली हो चुकी थीं। ड्रेनेज से पानी की निकासी की व्यवस्था भी उचित नहीं पाई गई। अधिकारियों ने यहां से खाद्य सामग्री का एक नमूना लिया।
राजहंस होटल में सड़ा मशरूम और संदिग्ध पनीर मिला
एमपी नगर स्थित राजहंस होटल की जांच के दौरान दो डस्टबिन खुले पाए गए। यहां एक पैकेट मशरूम खराब और सड़ा हुआ मिला। होटल में काम करने वाले 15 कर्मचारियों के मेडिकल चेकअप का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा पेयजल की जांच रिपोर्ट भी नहीं मिली।
अधिकारियों ने होटल में उपलब्ध पनीर का भौतिक सत्यापन किया। करीब 250 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने के बाद उसका एक नमूना जांच के लिए लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों में खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों के पालन को लेकर कार्रवाई की है।
Tags
madhya pradesh
