Jabalpur News: सदर में पान दुकान पर दबिश, प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचता संचालक गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कैंट थाना पुलिस ने सदर स्थित पान दुकान पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (ई-सिगरेट) बेचने वाले दुकान संचालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों की 5 ई-सिगरेट बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 5 हजार रुपए बताई गई है।

कैंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले के अनुसार विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सदर पान दुकान चोपाटी स्थित दुकान नंबर 29 का संचालक अपनी दुकान से प्रतिबंधित ई-सिगरेट अवैध रूप से बेचकर लाभ कमा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।

मौके पर दुकान संचालक ने पूछताछ में अपना नाम राजा चौधरी (29), निवासी पुरानी बस्ती कजरवारा, गोराबाजार बताया। पुलिस ने उसकी दुकान की तलाशी ली तो अलग-अलग कंपनियों की ई-सिगरेट बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान आरोपी इनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अल्फवार आई किंग रिचार्जेबल डिस्पोजेबल ब्लू राज आइस, केन्गवेप स्पीडी बीस्ट, यूओटो बियॉन्डर कोक आइस, यूओटो बियॉन्डर वाटरमेलन आइस तथा यूओटो लेंस 50000 पफ्स कोक आइस ई-सिगरेट जब्त की।

पुलिस ने कुल 5 ई-सिगरेट, करीब 5 हजार रुपए कीमत का माल जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का निषेध अधिनियम की धारा 4(1), 5(ए), 7 एवं 8 के तहत कार्रवाई की है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

प्रतिबंधित ई-सिगरेट की बरामदगी और कार्रवाई में उप निरीक्षक जगदीश सिंह, प्रधान आरक्षक भूपेंद्र पटेल, आरक्षक प्रमोद, नितिन और माधव सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post