दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना पुलिस ने अवैध वसूली और चाकूबाजी के मामले में फरार चल रहे 3 हजार रुपए के इनामी बदमाश मयंक भौरेल उर्फ काला (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपी भानतलैया के चौधरी मोहल्ला का निवासी है। उसके खिलाफ हनुमानताल और बेलबाग थाने में जुआ एक्ट सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 को सिंधी कैंप निवासी अनमोल खटीक बकरा मार्केट के पास मौजूद था। इसी दौरान मयंक ने उससे शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे। अनमोल ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और धारदार चाकू से हमला कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर हनुमानताल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। फरार आरोपी पर पुलिस ने 3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस को सूचना मिली कि मयंक भानतलैया इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का धारदार बटनदार चाकू भी बरामद किया। चाकू बरामद होने के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 भी जोड़ी गई।
Tags
jabalpur
