दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र में चोरों ने एक पान मसाला एवं सिगरेट विक्रेता की वैन का लॉक खोलकर उसमें रखे करीब 60 हजार रुपए कीमत के सिगरेट के दो कार्टून चोरी कर लिए। पुलिस के अनुसार न्यू कंचनपुर, मेदा मिल के पास अधारताल निवासी बद्री प्रसाद पाण्डे (51) पान मसाला एवं सिगरेट की फेरी का व्यवसाय करते हैं। बाजार से लौटने के बाद उन्होंने अपनी वैन क्रमांक एमपी 20 बीए 6487 को बेलबाग थाने के बाजू में राजन ट्रेडर्स के सामने खड़ा किया था। इसके बाद वह अपने व्यापारिक मित्र की दोपहिया वाहन लेकर मुकादमगंज स्थित एक व्यापारी की दुकान चले गए।
कुछ देर बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि वैन की आगे वाली सीट पर रखे सिगरेट के दो छोटे कार्टून गायब थे। इनमें आईटीसी और जीपीआई ब्रांड की सिगरेट थीं, जिनकी कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दो युवक वैन के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक युवक किसी वस्तु की मदद से वैन का लॉक खोलकर अंदर रखे दोनों कार्टून निकालता है और उन्हें अपनी दोपहिया वाहन पर रखकर फरार होता दिखाई दे रहा है। बद्री प्रसाद की रिपोर्ट पर बेलबाग थाना पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
