दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में जर्जर विद्युत पोल किस कदर जानलेवा साबित हो सकते हैं, इसका बड़ा उदाहरण शनिवार सुबह मिलौनीगंज इलाके में देखने को मिला। मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लगे दो विद्युत पोल अचानक भरभराकर गिर गए। हादसे के वक्त एक कर्मचारी पोल पर चढ़कर विद्युत लाइन में आर्मर्ड केबल बदलने का काम कर रहा था। पोल गिरते ही तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और जोरदार धमाका होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कर्मचारी और राहगीर इसकी चपेट में आने से बच गए।
जानकारी के मुताबिक मिलौनीगंज से सुभाष मार्केट की ओर विद्युत विभाग द्वारा आर्मर्ड केबल बदलने का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान विभागीय कर्मचारी विद्युत पोल पर चढ़कर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि पोल नीचे से कमजोर और जर्जर हालत में था। अचानक पोल ने संतुलन खो दिया और सड़क की ओर गिर पड़ा। एक पोल सामने बने मकान पर जा टिका, जबकि दूसरे पोल के गिरने से आसपास का क्षेत्र भी प्रभावित हुआ।
पोल पर चढ़ा था कर्मचारी
हादसे के समय कर्मचारी पोल पर मौजूद था। अचानक पोल गिरने से उसकी जान पर बन आई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कर्मचारी को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोल गिरते ही विद्युत तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ देर के लिए मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल के समीप ही स्कूल स्थित है। हादसे के समय स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों की आवाजाही जारी थी। यदि विद्युत पोल सड़क से गुजर रहे किसी बच्चे या राहगीर पर गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिवार को सिर्फ किस्मत अच्छी थी, वरना मिलौनीगंज में बड़ा हादसा हो सकता था।
जर्जर पोल पर काम कराने को लेकर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब पोल पहले से कमजोर और जर्जर था तो उस पर कर्मचारी को चढ़ाकर काम कैसे कराया गया। काम शुरू करने से पहले पोल की मजबूती की जांच क्यों नहीं की गई? व्यस्त मार्ग और स्कूल के पास चल रहे विद्युत कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए?
लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में लगे सभी पुराने और जर्जर विद्युत पोलों का तत्काल सर्वे कराया जाए। कमजोर पोलों को हटाकर नए पोल लगाए जाएं और विद्युत लाइन में केबल बदलने तथा मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे के बाद केवल ‘गनीमत रही’ कहने की नौबत न आए।
Tags
jabalpur

