Jabalpur News: पिसनहारी मढ़िया के पास स्कूटी रोककर महिला से चाकू की नोक पर सोने की चेन और मंगलसूत्र लूटा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने स्कूटी सवार महिला और उसकी मां को निशाना बनाते हुए चाकू की नोक पर सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मेडिकल की ओर फरार हो गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार न्यू शास्त्रीनगर, तिलवारा निवासी 37 वर्षीय आरती ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। आरती वर्तमान में अपने ससुराल भोपाल में रहती हैं और रक्षाबंधन के अवसर पर मायके आई थीं। शुक्रवार शाम वह अपनी मां सरला ठाकुर के साथ स्कूटी से गढ़ा स्थित सामुदायिक भवन में जन्मदिन की पार्टी में गई थीं। उनके पिता भी मोटरसाइकिल से पार्टी में पहुंचे थे।

रात करीब 9:30 बजे आरती अपनी मां के साथ स्कूटी से वापस घर लौट रही थीं, जबकि उनके पिता कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल से पीछे चल रहे थे। करीब 9:45 बजे पिसनहारी मढ़िया के पहले गढ़ा पुलिस लाइन क्वार्टर के सामने दो युवक मोटरसाइकिल से आए और स्कूटी के सामने अपनी बाइक लगा दी।

आरोप है कि दोनों युवकों ने आरती के गले में पहनी सोने की चेन और मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। महिला के वहां से हटने पर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने चाकू निकालकर धमकी दी कि चेन और मंगलसूत्र नहीं दिए तो जान से खत्म कर देंगे। डर के कारण महिला और उसकी मां सहम गईं। इसके बाद आरोपी ने महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र खींच लिया और दोनों मोटरसाइकिल से मेडिकल की ओर तेज रफ्तार में फरार हो गए।

वारदात के बाद महिला ने पीछे आ रहे अपने पिता को घटना की जानकारी दी और गढ़ा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में मोटरसाइकिल चला रहा युवक काले रंग की टी-शर्ट पहने था, जबकि पीछे बैठे युवक ने क्रीम रंग की शर्ट पहन रखी थी। दोनों युवक दुबले-पतले बताए गए हैं। 

Post a Comment

Previous Post Next Post