Jabalpur News: शहपुरा-भिटौनी टोल पर अस्थायी रूप से बंद होगी वसूली, PWD मंत्री राकेश सिंह के निर्देश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर-भोपाल मार्ग पर शहपुरा (भिटौनी) स्थित टोल नाके पर टोल वसूली अस्थायी रूप से बंद की जाएगी। शहपुरा रेलवे ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात डायवर्ट किए जाने और टोल वसूली को लेकर स्थानीय स्तर पर हो रहे विरोध के बीच यह निर्णय लिया गया है। मंगलवार को भोपाल में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों को टोल कलेक्शन अस्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए।

बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की प्रदेश में चल रही निर्माणाधीन और प्रस्तावित बड़ी सड़क परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने सड़क सुरक्षा, निर्माण गुणवत्ता, रखरखाव और बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जबलपुर-दमोह मार्ग की जल्द होगी मरम्मत

बैठक में जबलपुर-दमोह मार्ग की स्थिति पर भी चर्चा हुई। मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों को मार्ग पर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।

जबलपुर रिंग रोड के पांच पैकेजों की समीक्षा

मंत्री ने जबलपुर रिंग रोड की प्रगति की भी समीक्षा की। रिंग रोड का निर्माण पांच पैकेज में किया जा रहा है। चार पैकेजों में काम की प्रगति संतोषजनक पाई गई, जबकि पांचवें पैकेज में अपेक्षित गति नहीं होने पर अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

निर्देश के मुताबिक चार पैकेजों का काम दिसंबर 2026 तक और पांचवें पैकेज का काम जून 2027 तक पूरा किया जाना है। इसके बाद संपूर्ण जबलपुर रिंग रोड परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य है।

उज्जैन-झालावाड़ एक्सप्रेसवे की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

बैठक में भोपाल-इंदौर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और उज्जैन-झालावाड़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण इन परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव पर जोर

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि NHAI के राष्ट्रीय राजमार्ग अलग-अलग अनुबंधों के माध्यम से संधारित किए जा रहे हैं। जिन सड़कों पर परफॉर्मेंस गारंटी की अवधि समाप्त हो चुकी है और पुनर्निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, वहां शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट के जरिए मरम्मत और रखरखाव कराया जा रहा है।

मंत्री राकेश सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव का स्तर बेहतर करने के साथ ही सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में परियोजनाएं पूरी कराने को कहा।

उज्जैन-गरोठ मार्ग की गुणवत्ता की जांच

उज्जैन-गरोठ मार्ग के निर्माण में सामने आई गुणवत्ता संबंधी समस्याओं को भी बैठक में गंभीरता से लिया गया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण गुणवत्ता की जांच कराने और कमियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों का विकास केवल नई सड़कें बनाने तक सीमित नहीं है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता, समयबद्धता, नियमित रखरखाव और सड़क सुरक्षा पर भी समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post