MP News: भोपाल में स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार, 3.53 ग्राम मादक पदार्थ जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। एमपी नगर जोन-1 स्थित मेट्रो ब्रिज के पास स्मैक बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे दो युवकों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3.53 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया।

क्राइम ब्रांच को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेट्रो ब्रिज के पास मैदान में दो युवक मादक पदार्थ लेकर बैठे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान हर्षवर्धन नगर निवासी 28 वर्षीय कार्तिक राजपूत और आनंद नगर निवासी 21 वर्षीय सूरज कुशवाह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार्तिक के पास से रेडमी मोबाइल और कागज की पुड़िया, जबकि सूरज के पास से वीवो मोबाइल और एक कागज की पुड़िया बरामद हुई। दोनों पुड़ियों में स्मैक मिली, जिसका कुल वजन 3.53 ग्राम निकला।

पुलिस के अनुसार कार्तिक राजपूत नौवीं तक पढ़ा है और निजी ड्राइवर का काम करता है। उसके खिलाफ एमपी नगर, बागसेवनिया, रातीबड़, श्यामला हिल्स और अयोध्या नगर थानों में चोरी, नकबजनी और लूट समेत 14 अपराध दर्ज हैं। वहीं सूरज कुशवाह आठवीं तक पढ़ा है और ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता है।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे स्मैक कहां से लेकर आए थे और इसे किन लोगों को सप्लाई करने वाले थे। साथ ही जब्त मोबाइल फोन की जांच कर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post