MP News: 12 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या, मुंह में कपड़ा ठूंसा; शरीर पर नहीं थे कपड़े... रेप की आशंका पर थाने के बाहर हंगामा और तोड़फोड़

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में एक 12 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और शुक्रवार शाम को थाने के बाहर जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम कर गाड़ियां और कुर्सियां तोड़ दीं तथा आरोपी को फांसी देने की मांग की। पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह एक बच्ची कचरा बीनने के लिए कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा इलाके में पहुंची थी। वहां उसने एक शव देखा और तुरंत आसपास के लोगों व मृतका की दादी को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही बैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में सामने आया कि बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या से पहले उसके साथ रेप किया गया हो। हालांकि, पुलिस का कहना है कि रेप और मौत के असली कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस को घटनास्थल से बच्ची के कपड़े, एक पॉलिथीन में आपत्तिजनक सामग्री और लोहे की रॉड के टूटे हुए टुकड़े मिले हैं। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जो कचरा बीनने का काम करता है। आशंका है कि आरोपी बच्ची का मुंह दबाकर उसे खंडहर के अंदर ले गया, वारदात को अंजाम दिया और सबूत मिटाने के लिए उसकी हत्या कर मौके से फरार हो गया।

घटना से गुस्साए स्थानीय लोग बैरागढ़ थाने के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ ने थाने के बाहर चक्काजाम किया, नारेबाजी की और इस दौरान कुछ कुर्सियां व गाड़ियां भी तोड़ दीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि पुलिस ने शुरुआत में लापरवाही बरती।

एसीपी रत्नेश तोमर ने बताया कि मामला नाबालिग से जुड़ा हुआ है और संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल जांच से जुड़ी सभी बातें सार्वजनिक नहीं की जा सकती हैं। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। शनिवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में बच्ची का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। साथ ही, गुमशुदगी दर्ज करने में किसी तरह की लापरवाही के मामले में भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post