दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला के बाजार मोहल्ला स्थित खेरमाई मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रही एक महिला के साथ लूट की वारदात सामने आई है। मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। महिला ने साहस दिखाते हुए मंगलसूत्र को कसकर पकड़ लिया, जिसके चलते खींचतान में मंगलसूत्र टूट गया। आरोपी केवल पेंडल वाला हिस्सा लेकर फरार हो गए, जबकि बाकी हिस्सा महिला के हाथ में सुरक्षित रह गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, किसानी मोहल्ला निवासी बबीता साहू गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बाजार मोहल्ला स्थित खेरमाई मंदिर में जल चढ़ाने गई थीं। पूजा-अर्चना करने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन अज्ञात युवक आए। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया।
अचानक हुए हमले से महिला घबरा गईं और उनके हाथ से जल से भरा लोटा छूटकर गिर गया। हालांकि, उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए मंगलसूत्र को अपने हाथों से कसकर पकड़ लिया। इसी दौरान बदमाशों और महिला के बीच खींचतान हुई, जिससे मंगलसूत्र टूट गया। आरोपी मंगलसूत्र का पेंडल लगा हिस्सा लेकर भाग निकले, जबकि बाकी हिस्सा महिला के हाथ में रह गया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन तीनों आरोपी मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी और बरेला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता बबीता साहू समाजसेवी भगवानदास साहू और अन्य स्थानीय लोगों के साथ थाने पहुंचीं, जहां पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया गया। बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह के अनुसार, महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि मोटरसाइकिल सवार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा सके।
Tags
jabalpur
