दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माँ दुर्गा की भक्ति के साथ स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से दुर्गोत्सव में महात्मा गांधी वार्ड के पार्षद हर्षित यादव द्वारा अनूठी पहल की जा रही है। इस पहल के तहत वार्ड की 16 दुर्गोत्सव समितियों के बीच स्वच्छता को लेकर प्रतिस्पर्धा होगी। पंडालों में साफ-सफाई, कचरे के उचित प्रबंधन और जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दुर्गोत्सव समितियों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹11,000 और द्वितीय पुरस्कार के रूप में ₹5,100 की राशि प्रदान की जाएगी।
पार्षद हर्षित यादव एवं समस्त महात्मा गांधी वार्ड परिवार की इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। इसके तहत नागरिकों से भी सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। दुर्गोत्सव पंडालों में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर श्रद्धालु और नागरिक स्वच्छता की रेटिंग दे सकेंगे। साथ ही, शहर को स्वच्छ बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा कर सकेंगे। जनता की रेटिंग और सुझावों के माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
पहल के अंतर्गत पंडालों में सूखे कचरे, गीले कचरे और पूजन के फूलों के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने का संकल्प लिया गया है। पूजन सामग्री से खाद तैयार करवाकर उसे नागरिकों तक पहुँचाने का प्रयास भी किया जाएगा, ताकि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। आयोजकों का संदेश है कि माँ की भक्ति के साथ स्वच्छता की शक्ति को अपनाकर जबलपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
इस अभियान में आध्यात्मिक परिवार दुर्गोत्सव समिति (छोटी देवन), जबाली दुर्गोत्सव समिति (हरदौल मंदिर), तरुण जागृति दुर्गोत्सव समिति (राम मंदिर), सार्वजनिक शिव दुर्गोत्सव समिति (सिंघई कॉलोनी), नुनहाई दुर्गोत्सव समिति, श्री नव दुर्गोत्सव समिति (चौगान), शिव मंदिर दुर्गोत्सव समिति (प्रगति नगर), त्रिकाल दुर्गोत्सव समिति (ट्रांसपोर्ट नगर), बड़ी महाकाली जी (गढ़ा फाटक), नवीन महाकाली समिति (पड़ाव), श्री सार्वजनिक जनकल्याण दुर्गोत्सव समिति (पड़ाव), नव उत्सव दुर्गोत्सव समिति (जाटव मोहल्ला), श्री नवयुवक दुर्गोत्सव समिति (सब्जी मंडी बोस मार्केट), श्री शिव मंदिर दुर्गोत्सव समिति (शंकर घी भंडार), भैरू दुर्गोत्सव समिति पंकज (यादव चौक) और नवयुवक छात्र दुर्गोत्सव समिति (दुर्गा चौक) शामिल हैं।
महात्मा गांधी वार्ड परिवार ने नागरिकों से अपील की है कि वे पंडालों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालें और अपनी रेटिंग व सुझाव देकर इस अभियान का हिस्सा बनें। आयोजकों का मानना है कि जनभागीदारी से दुर्गोत्सव को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक उदाहरण बनाया जा सकता है।
स्वच्छता रेटिंग एवं वोटिंग के लिए लिंक
वार्डवासी और श्रद्धालु नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके स्वच्छता संबंधी अपनी रेटिंग दर्ज कर सकते हैं और सुझाव साझा कर सकते हैं।
🔗 वोटिंग लिंक: https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSfnRL90aiQFyaPx2HD_g77XpTt_XF8LK2r7Sl1z0ir-hBTDxQ/viewform
Tags
jabalpur
