Jabalpur News: इंटरसिटी ट्रेन पर पथराव, कोच का कांच टूटा; नाबालिग को निशाना बताने के लिए युवक ने फेंका पत्थर, आरपीएफ ने पकड़ा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में चलती यात्री ट्रेन पर पथराव का मामला सामने आया है। जबलपुर से सिंगरौली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के कोच की खिड़की पर पत्थर लगने से कांच टूट गया। घटना के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ लिया। घटना के समय उसके साथ एक नाबालिग भी मौजूद था।

आरपीएफ के अनुसार, बुधवार शाम सूचना मिली कि ट्रेन नंबर 11651 जबलपुर-सिंगरौली इंटरसिटी एक्सप्रेस के C-1 कोच में बर्थ नंबर 3/4 के पास खिड़की का कांच पत्थर लगने से टूट गया है। घटना जबलपुर से अधारताल के बीच हुई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुखराम बेन तथा आरक्षक अरुण और संदीप कठेरिया मौके के लिए रवाना हुए।

आरपीएफ टीम सतपुला ब्रिज के पास डाउन लाइन पर पहुंची, जहां एक युवक नाबालिग के साथ खड़ा मिला। पुलिस टीम को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन आरपीएफ जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान बेलबाग टोरिया निवासी नकुल कुंडे के रूप में हुई।

नाबालिग को निशाना बताने के लिए फेंका पत्थर

पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह नाबालिग के साथ रेलवे लाइन के किनारे बैठा था। शाम करीब 4:20 बजे जब जबलपुर स्टेशन की ओर से अधारताल की तरफ इंटरसिटी एक्सप्रेस गुजर रही थी, तभी उसने ट्रैक पर पड़ा पत्थर उठाकर नाबालिग को निशाना बताने के लिए ट्रेन पर फेंक दिया। पत्थर ट्रेन के कोच की खिड़की पर लगा, जिससे कांच टूट गया।

घटना के बाद आरपीएफ ने युवक से पूछताछ की। आरपीएफ के मुताबिक, युवक ने ट्रेन पर पत्थर फेंकने की बात स्वीकार की है। चलती यात्री ट्रेन पर पत्थर फेंकना यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। इस मामले में नकुल कुंडे के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 और 147 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द किया

घटना के समय युवक के साथ मौजूद नाबालिग के माता-पिता को आरपीएफ ने बुलाया। उन्हें समझाइश देने के बाद संरक्षक का बंधपत्र भरवाया गया और नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post