Jabalpur News: जिला न्यायालय परिसर में खड़ी कार में लगी आग, मची अफरा-तफरी; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गेट नंबर 2 और 3 के बीच खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं और अन्य लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, न्यायालय परिसर में खड़ी कार में अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलती देख मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने पानी और अन्य उपलब्ध साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, इस घटना में कार को नुकसान पहुंचा है।

जिला अधिवक्ता संघ के सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि संबंधित कार बालाघाट से आए किसी पुलिस अधिकारी अथवा टैक्सी से जुड़ी हुई बताई जा रही है। फिलहाल कार में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

फायर सेफ्टी व्यवस्था पर उठे सवाल

न्यायालय परिसर में कार में आग लगने की घटना के बाद अधिवक्ताओं ने वहां की सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती, तो परिसर में खड़े अन्य वाहन और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। इतना ही नहीं, आग न्यायालय भवन तक पहुंचने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए परिसर में उपलब्ध अग्निशमन उपकरण और पानी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि न्यायालय परिसर में फायर सेफ्टी के इंतजामों की नियमित जांच कराई जाए और जरूरत के मुताबिक प्रभावी अग्निशमन संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं के दौरान समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post