MP News: ऑनलाइन गेमिंग की लत में डूबा आरोपी बना हत्यारा, 30 दिन में उड़ाए ₹35 लाख; कर्ज के विवाद में युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। ऑनलाइन गेमिंग की लत और कर्ज के बढ़ते बोझ ने ग्वालियर में एक युवक की हत्या की साजिश को जन्म दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के मुख्य आरोपी राधे उर्फ राधाकृष्ण गुर्जर ने ऑनलाइन गेमिंग पर पिछले 30 दिनों में अपने बैंक खाते से करीब 35 लाख रुपये खर्च किए। इस रकम को जुटाने के लिए वह मृतक पुरुषोत्तम गुर्जर से ऊंची ब्याज दर पर पैसे उधार लेता था। कर्ज और लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर आरोपियों ने पुरुषोत्तम की हत्या की योजना बनाई और कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली।

पुलिस ने मामले में रमन गुर्जर, राधे उर्फ राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल और विजय उर्फ खैरी को गिरफ्तार किया है। अदालत से चारों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उनके बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

खेत में मिला था पुरुषोत्तम का शव

घटना ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र की है। 14 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे केदारपुर छोटी मढ़ैया गांव के पास एक खेत में 35 वर्षीय पुरुषोत्तम गुर्जर का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में मृतक की गर्दन पर कुल्हाड़ी के पांच और सिर पर दो घाव मिले थे। हमले की बेरहमी से हत्या की गंभीरता का पता चला। मृतक की जेब से लेनदेन से संबंधित एक पर्ची भी मिली, जिसके बाद पुलिस ने पैसों के विवाद को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई।

20 फीसदी ब्याज पर लिया था लाखों का कर्ज

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपियों ने पुरुषोत्तम से करीब 20 प्रतिशत ब्याज दर पर लाखों रुपये उधार ले रखे थे। पुरुषोत्तम उनसे लगातार रकम वापस मांग रहा था। आरोप है कि वह कर्ज चुकाने के लिए दबाव बनाता था और गांव में दूसरों के सामने भी उन्हें बेइज्जत करता था।

लगातार तगादे और कर्ज के विवाद से परेशान होकर चारों आरोपियों ने पुरुषोत्तम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, हत्या से करीब तीन दिन पहले गांव के एक चबूतरे पर बैठकर आरोपियों ने वारदात की साजिश रची थी।

राधे की ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बढ़ाया कर्ज

जांच में मुख्य आरोपी राधे उर्फ राधाकृष्ण गुर्जर की ऑनलाइन गेमिंग की लत का खुलासा हुआ। बताया गया कि वह पहले पुरुषोत्तम के ब्याज पर पैसे देने के कारोबार को संभालता था। इसी दौरान वह ऑनलाइन गेमिंग के लिए पुरुषोत्तम से पैसे उधार लेने लगा।

धीरे-धीरे उस पर कर्ज बढ़ता गया और दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद राधे ने रमन गुर्जर के माध्यम से पुरुषोत्तम से लेनदेन शुरू कराया। इससे पुरुषोत्तम का रमन पर भरोसा बना रहा।

पुलिस के मुताबिक, राधे के बैंक खाते और डिजिटल डेटा की जांच में पिछले एक महीने के दौरान करीब 35 लाख रुपये खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि यह रकम ऑनलाइन गेमिंग में लगाई गई थी। अब जांच की जा रही है कि रकम किन खातों में गई और कर्ज के लेनदेन से इसका क्या संबंध है।

हिसाब-किताब के बहाने घर से बुलाया

पुलिस जांच के अनुसार, 13 और 14 अक्टूबर की दरमियानी रात रमन गुर्जर हिसाब-किताब करने के बहाने पुरुषोत्तम को घर से बुलाकर खेत की ओर ले गया। वहां पहले से बनाई गई योजना के तहत अन्य आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण पुरुषोत्तम की मौत हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक की जेब से मिली लेनदेन की पर्ची और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों तक पहुंच बनाई।

कुल्हाड़ी बरामद, बैंक खातों की जांच जारी

झांसी रोड थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव के अनुसार, आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, ऑनलाइन लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि 35 लाख रुपये के खर्च, कर्ज के विवाद और हत्या के बीच संबंधों की पुष्टि की जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post