MP News: इंदौर में केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 3 फैक्ट्रियां चपेट में; दूर-दूर तक दिखा धुएं का गुबार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के कालिंदी गोल्ड सिटी के पास स्थित बीटा इंडस्ट्रियल पार्क में रविवार सुबह एक पेंट और केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पास की दो अन्य फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग से फैक्ट्रियों में रखे पेंट, केमिकल, कच्चे माल, तैयार उत्पाद और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, नुकसान करोड़ों रुपये का हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7 बजे बीटा इंडस्ट्रियल पार्क स्थित एक पेंट-केमिकल फैक्ट्री से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। फैक्ट्री में तैनात गार्ड ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। जब तक दमकल की टीमें मौके पर पहुंचतीं, आग विकराल रूप ले चुकी थी। पेंट और केमिकल के ड्रम बड़ी मात्रा में रखे होने के कारण आग ने तेजी से आसपास के हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पास की दो अन्य फैक्ट्रियों में भी आग फैल गई। घटनास्थल से उठता धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था।

आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। दमकलकर्मियों ने अलग-अलग दिशाओं से पानी और फोम का छिड़काव कर आग बुझाने का प्रयास किया। ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कोशिशों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

आग की चपेट में आई तीनों फैक्ट्रियों में रखे कच्चे माल, पेंट, केमिकल, तैयार उत्पाद और मशीनरी को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन संबंधित फैक्ट्रियों का निरीक्षण करने के बाद ही हो सकेगा।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।

बीटा इंडस्ट्रियल पार्क अरविंदो अस्पताल से करीब तीन किलोमीटर अंदर स्थित है। हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post