दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल के सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सुरभि कॉलेज के पास स्थित एक कुएं में 23 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक की पहचान विशाल वंशकार पिता छोटेलाल वंशकार, निवासी सुखी सेवनिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विशाल पिछले चार से पांच दिनों से घर से लापता था। हैरानी की बात यह है कि उसके घर नहीं लौटने के बावजूद परिजनों ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह सुरभि कॉलेज के पास स्थित कुएं में युवक का शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की मर्चुरी भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दो साल से चल रहा था इलाज
मृतक के बड़े भाई राजेश वंशकार ने पुलिस को बताया कि विशाल के दिमाग का पिछले दो वर्षों से इलाज चल रहा था। कुछ समय से उसकी मानसिक स्थिति में परेशानी बढ़ गई थी। वह कई-कई दिनों तक बिना किसी को बताए घर से बाहर चला जाता था और फिर खुद ही वापस लौट आता था।
परिजनों के मुताबिक, इसी वजह से जब विशाल चार दिन तक घर नहीं लौटा, तो उन्होंने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। हालांकि, उसके लापता होने के बाद उसकी तलाश के लिए भी कोई विशेष प्रयास नहीं किए गए।
कुएं तक कैसे पहुंचा युवक, जांच में जुटी पुलिस
सुखी सेवनिया पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है और न ही किसी के खिलाफ आरोप लगाए हैं। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि विशाल कुएं तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस के अनुसार, मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
