Jabalpur News: मालिक की अनुमति बिना 2 लाख में बेच दिया ट्रक, गैस कटर से काटते मिले 4 आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ी खेड़ा स्थित एक पोल्ट्री फार्म के पास चोरी-छिपे ट्रक को गैस कटर से काटकर कबाड़ में तब्दील करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि ट्रक मालिक की अनुमति के बिना वाहन का दो लाख रुपये में सौदा कर उसे काटा जा रहा था। पुलिस ने मौके से ट्रक के कटे हुए हिस्सों सहित गैस कटर और अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह के अनुसार, नेशनल लॉज के पास निवासी मोहम्मद तारिक खान (40) ने पुलिस को बताया कि उसने अपना पोल्ट्री फार्म शिवराम साहू को बेच दिया था। पोल्ट्री फार्म परिसर में उसका ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचएच 173470 खड़ा था। ट्रक को बाद में वहां से ले जाने की बात तय हुई थी।

पीड़ित के मुताबिक, उसे जानकारी मिली कि उसके ट्रक का किसी कबाड़ी से दो लाख रुपये में सौदा कर दिया गया है और वाहन को गैस कटर से काटा जा रहा है। जानकारी मिलते ही वह थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वहां ट्रक के कटे हुए हिस्से और उसे काटने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण मिले। पुलिस ने मौके से 8 ऑक्सीजन सिलेंडर, एक इंडेन गैस सिलेंडर, गैस कटर, हथौड़ा, पाना, प्लास, लोहे की रॉड सहित अन्य सामान जब्त किया।

पुलिस ने इस मामले में शिवराम साहू, साजिद अली उर्फ झटका, विजय कोरी और राजिम शाह को गिरफ्तार किया है। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी संगीता सिंह के नेतृत्व में की गई। इसमें उपनिरीक्षक वरेन्द्र उईके, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश पठारिया, प्रधान आरक्षक मुकेश मसराम, आरक्षक सिद्धार्थ दुबे तथा सैनिक भगवान दास और रामकुमार ठाकुर की सरहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post