दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र में शिवाजी मैदान के पास सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक और उसके साथ बैठी युवती घायल हो गए। आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही क्रेटा कार ने बुलेट को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए जबलपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, कटंगी निवासी वैदिक जैन (30) ने बताया कि रात वह अपनी दोस्त की बुलेट क्रमांक एमपी 20 एनक्यू 2822 से दुर्गा प्रतिमाएं देखने जा रहा था। बुलेट पर उसके पीछे श्रेया बैठी हुई थी।
रात करीब 12:30 बजे जब वे शिवाजी मैदान के मोड़ के पास पहुंचे, तभी क्रेटा कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 2850 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बुलेट को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण वैदिक और श्रेया सड़क पर गिर पड़े, जिससे दोनों को चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने वैदिक जैन की रिपोर्ट पर क्रेटा चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
Tags
jabalpur
