Jabalpur News: हाईकोर्ट के कार्यक्रम में CM मोहन यादव का राहुल गांधी पर तंज, बोले- कुछ लोगों को नहीं पता ज्ञापन कहां देना है

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को यह भी पता नहीं है कि ज्ञापन कहां दिया जाता है और याचिका कहां दायर की जाती है। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में न्यायपालिका की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा में न्यायपालिका का अहम योगदान है।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने बार और बेंच के बीच आपसी सम्मान, संस्थागत स्वतंत्रता और कानून के प्रति प्रतिबद्धता को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के विभिन्न स्तंभों की भूमिकाएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन संविधान की रक्षा करना, नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रखना और प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष न्याय दिलाना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

900 से अधिक अनुपयोगी कानून खत्म करने का दावा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उनकी सरकार ने 900 से अधिक अनुपयोगी कानून समाप्त किए हैं। सरकार का उद्देश्य पुराने और अप्रासंगिक कानूनों को हटाकर व्यवस्था को सरल बनाना है। उन्होंने पड़ोसी देशों में लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने आने वाली चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में न्यायपालिका की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

बार और बेंच के बीच सम्मान जरूरी: मुख्य न्यायाधीश

मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने कहा कि बार और बेंच के संबंध आपसी सम्मान, पेशेवर ईमानदारी, संस्थागत स्वतंत्रता और कानून के शासन के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित होने चाहिए। विचारों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन संविधान की रक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाना सभी का साझा उद्देश्य होना चाहिए।

उन्होंने एडवोकेट जनरल प्रशांत सिंह की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यालय अधिवक्ताओं को अनुभव और पेशेवर दक्षता विकसित करने का अवसर देता है। इससे अधिवक्ता भविष्य में समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारियां निभाने के लिए तैयार होते हैं। मुख्य न्यायाधीश ने कार्यक्रम के आयोजन और सम्मान के लिए लोक निर्माण विभाग के मंत्री, साथी न्यायाधीशों, एडवोकेट जनरल, आयोजकों तथा अधिवक्ता समुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।

शहपुरा में युवाओं के साथ चाय पर चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे जबलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे का स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में कई न्यायाधीश और वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे।

जबलपुर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री नरसिंहपुर से आते समय शहपुरा स्थित एक कैफे में रुके। यहां उन्होंने कुल्हड़ वाली चाय का आनंद लिया और युवाओं से बातचीत की। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post