दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात सामने आई है। कोसमघाट हाईवे रोड स्थित श्रीराम फ्यूल स्टेशन पर बिना नंबर की नीले रंग की एक्सिस से पहुंचे तीन अज्ञात बदमाशों ने कर्मचारियों को चाकू और पिस्टलनुमा हथियार दिखाकर 9 हजार 630 रुपये लूट लिए। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बिलहरी निवासी 22 वर्षीय गणेश प्रसाद गौंड श्रीराम फ्यूल स्टेशन पर पेट्रोल-डीजल डालने का काम करता है। उसने बरेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अक्टूबर की शाम 6 बजे से 28 अक्टूबर की सुबह 8 बजे तक उसकी ड्यूटी थी।
28 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 12:36 बजे तीन अज्ञात युवक बिना नंबर की नीले रंग की एक्सिस से पेट्रोल पंप पहुंचे। उन्होंने 300 रुपये का पेट्रोल भरवाया और भुगतान के लिए 500 रुपये का नोट दिया। गणेश ने बाकी 200 रुपये लौटाने के लिए पेट्रोल पंप की नकदी निकाली, तभी दो बदमाशों ने उसके पेट पर चाकू रख दिया।
इसी दौरान तीसरे बदमाश ने पेट्रोल पंप की मशीन के पास लेटे मोबाइल चला रहे कर्मचारी नरेंद्र शुक्ला को पिस्टल जैसा हथियार दिखाया। आरोप है कि बदमाशों में से एक ने गणेश के पास रखे 9 हजार 630 रुपये छीन लिए। इसके बाद तीनों आरोपी अपनी बिना नंबर की एक्सिस से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर बरेला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।
Tags
jabalpur
